एमपी का महिला पर्यटन मॉडल बना मिसाल भोपाल। यूएन वूमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव शोको इशिकावा ने मध्यप्रदेश टूरिज्म की 'महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल' (STDW) पहल की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह मॉडल महिलाओं के लिए सुरक्षित और समावेशी पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ वैश्विक सोच को भी मजबूती देता है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म द्वारा आयोजित विशेष सत्र में शोको इशिकावा ने परियोजना से जुड़ी प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद किया और उनके अनुभव, उपलब्धियों तथा कौशल विकास की जानकारी ली।
महिलाओं के सुरक्षित पर्यटन की प्रभावी पहल
शोको इशिकावा ने प्रतिभागी महिलाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कौशल विकास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षित और समावेशी पर्यटन स्थल विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों की भागीदारी इस परियोजना की सबसे बड़ी ताकत है और यही इसकी सफलता का आधार भी है।
ये भी पढ़िए ...
पचमढ़ी में महिलाएं चलाएंगी मप्र पर्यटन मंडल के होटल
महिला पर्यटकों के लिए सुरक्षित गंतव्य बनाने का लक्ष्य
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अतिरिक्त प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर ने कहा कि बोर्ड का लक्ष्य मध्यप्रदेश को महिला पर्यटकों के लिए देश का सबसे सुरक्षित और संवेदनशील पर्यटन गंतव्य बनाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक भागीदारी के संयुक्त प्रयासों से महिलाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं और इससे पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूती मिल रही है।
हस्तशिल्प और कौशल से प्रभावित हुआ प्रतिनिधिमंडल
बैठक के दौरान परियोजना से जुड़ी महिलाओं ने प्रतिनिधिमंडल को अपने हाथों से तैयार हस्तशिल्प, आभूषण और कलाकृतियां भेंट कीं। प्रतिनिधिमंडल ने स्किल डेवलपमेंट मॉडल, सामुदायिक सहभागिता और महिलाओं के आत्मविश्वास में आए सकारात्मक बदलाव की सराहना करते हुए इस पहल को प्रभावी बताया।
इस अवसर पर यूएन वूमेन इंडिया की डिप्टी कंट्री रिप्रेजेंटेटिव कांता सिंह और स्टेट रिप्रेजेंटेटिव जोयात्री रे भी मौजूद रहीं।
सन्दर्भ स्रोत/छाया : ईटीवी
सम्पादन : मीडियाटिक डेस्क



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *