मध्यप्रदेश की उभरती पार्श्व गायिका ईशिता विश्वकर्मा को इस वर्ष 'किशोर अवॉर्ड 2026' से सम्मानित किया जाएगा। केकेएफसी इंडिया म्यूजिक अकादमी एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 2 अगस्त को रवींद्र भवन में आयोजित होने वाले समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर के कलाकार स्वर सम्राट किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देंगे।
केकेएफसी म्यूजिक इंडिया के संस्थापक डॉ. कुमार राजेश और सह संरक्षक डॉ. टीएन दुबे ने बताया कि समारोह में प्रदेश और देश के कई प्रतिष्ठित संगीतकार एवं कलाकार शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, ईशिता को संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान तथा राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।
जबलपुर की रहने वाली ईशिता विश्वकर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देशभर में अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2019 में उन्होंने ज़ी टीवी के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' का खिताब जीतकर राष्ट्रीय पहचान हासिल की। विजेता बनने पर उन्हें 5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक कार भी मिली थी।
ये भी पढ़िए ...
भोपाल की ऐश्वर्या को मिला बेस्ट एक्टर का अवार्ड
ईशिता ने अपने संगीत सफर की शुरुआत बचपन में माता-पिता से प्रशिक्षण लेकर की। इसके बाद उन्होंने जबलपुर के संभागीय बाल भवन में संगीत गुरु डॉ. शिप्रा सुल्लेरे से विधिवत शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने 'आवाज मध्य प्रदेश' में प्रथम उपविजेता रहने के बाद 'सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स', 'दिल है हिंदुस्तानी', 'ज़ी युवा संगीत सम्राट' और 'इंडियाज गॉट टैलेंट' जैसे राष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी गायकी का दम दिखाया।
उन्होंने 'लब पर आए अनप्लग्ड', 'ख्याल-ए-इश्क' और 'मेरी सोहनिया' जैसे हिंदी सिंगल ट्रैक भी गाए हैं। वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश सरकार के 'लाडो अभियान' की ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी उन्होंने सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। हिंदी के अलावा वे गुजराती और मराठी भाषाओं में भी गायन कर चुकी हैं।
किशोर अवॉर्ड 2026 से सम्मानित होने जा रही ईशिता विश्वकर्मा की यह उपलब्धि न केवल जबलपुर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *