समीक्षा जायसवाल: सीरियलों में जो बिखेरती है ज़िन्दगी की महक

blog-img

समीक्षा जायसवाल: सीरियलों में जो बिखेरती है ज़िन्दगी की महक

प्रतिभा - टेलीविजन, सिनेमा और रंगमंच

अपने अभिनय को लेकर समीक्षा अक्सर चर्चा में रहती हैं लेकिन वर्ष 2023 की शुरुआत में ही कुछ ऐसा हुआ कि समीक्षा का परिवार अख़बारों की सुर्ख़ियों में छा गया। दरअसल फ़रवरी 2023 में समीक्षा के नाना श्री जयप्रकाश जायसवाल का देहांत हो गया। उनका अंतिम संस्कार समीक्षा की माँ और मौसियों ने मिलकर किया। समीक्षा की माँ राजश्री चार बहनें हैं। भाई न होने की सूरत में परम्परानुसार नजदीकी रिश्तेदार द्वारा मुखाग्नि देने की परंपरा है लेकिन समीक्षा की माँ और मौसियों ने कहा कि जब पिता ने बेटों की तरह ही हमारा पालन पोषण किया तो हम इस जिम्मेदारी को क्यों न उठाएं। इसलिए दिवंगत पिता को मुखाग्नि उनकी सबकी बड़ी बहन मंजुश्री ने दी और शेष बहनों ने पिता की अर्थी को कंधा दिया। चौथी बहन पद्मश्री दुर्भाग्यवश इस अंतिम यात्रा में सम्मिलित नहीं हो सकी थीं।

अपने सशक्त अभिनय से कम समय में ही अलग पहचान बनाने वाली समीक्षा जायसवाल का जन्म इंदौर में 2 नवम्बर 1991 को हुआ। उनकी माँ गृहणी हैं और पिता श्री मिलिंद जायसवाल एक कारोबारी। समीक्षा की स्कूली शिक्षा क्वींस कॉलेज, इंदौर से हुई और देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय से उन्होंने स्नातक किया। अपने स्कूल की सांस्कृतिक गतिविधियों में वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ समय उन्होंने नाटकों में भी काम किया। सबसे पहले उन्हें जी टीवी के हॉरर शो ‘मनमोहिनी’ की भूमिका निभाने की पेशकश मिली जिसे उन्होंने ठुकरा दिया क्योंकि ‘चुड़ैल’ बनने की कल्पना से ही उन्हें डर लगता था।

समीक्षा ने वर्ष 2016 में जी टीवी पर प्रदर्शित ‘ज़िन्दगी की महक’ धारावाहिक से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसमें ‘महक’ की भूमिका से समीक्षा को पहचान मिली और उनके काम को सराहा गया। 2017 समीक्षा के जीवन में कई उतार चढ़ाव लेकर आया। इसी साल 'ज़िन्दगी की महक’ के लिए उन्हें दो श्रेणियों में ज़ी रिश्ते अवार्ड्स से पुरस्कृत किया गया था। 2017 में ही इस धारावाहिक के एक दृश्य को फिल्माने के दौरान समीक्षा बुरी तरह घायल हो गई  थीं। उस दृश्य में अजय (मैडी) अपने एक दोस्त के साथ मिलकर महक को तंग करता है और शौर्य (करण) उसे बचाता है। शूटिंग के दौरान जैसे ही मैडी ने कांच की टूटी बोतल लेकर करण पर हमला किया, समीक्षा बीच में आ गईं और बुरी तरह घायल हो गयी थीं। टीम के लोगों ने समीक्षा को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लेकिन मरहम पट्टी करवा कर समीक्षा तुरंत ही काम पर लौट आईं।

वर्ष 2017 में ही वह बुरा दौर भी आया जब सहकलाकार करण वोहरा की पत्नी बेला ने सेट पर सभी के सामने समीक्षा को थप्पड़ मारा और अपने पति से दूर रहने की चेतावनी दी। दरअसल, समीक्षा एक सहज मानवीय प्रवृत्ति का शिकार बन गईं। परदे पर समीक्षा और करण के तालमेल से जबर्दस्त तरंगें पैदा हो रही थीं, इस कारण दर्शकों ने इस जोड़ी को हाथों हाथ ले लिया। लम्बे अरसे तक एक साथ काम करने के कारण दोनों में अच्छी दोस्ती भी हो गई। शूटिंग के दौरान फुर्सत के पल भी दोनों साथ बिताते थे। इन सबके कारण दोनों के बीच 'रिश्ते' की अफवाहें उड़ने लगीं, जिसका जवाब देते हुए एक बार समीक्षा ने यह स्वीकार किया था कि वे करण को पसंद करती हैं। उस दिन शूटिंग के दौरान करण की पत्नी भी मौजूद थीं और दोनों को करीब आते देख वे भड़क गईं। हालांकि समीक्षा का व्यवहार तब भी बहुत संयत और शालीन रहा। बेला से झगड़ने या बहस करने की बजाय वे चुपचाप अपने मेकअप रूम में चली गईं, उन्हें तमाशा बनना मंजूर नहीं था। बाद में समीक्षा और करण - दोनों ने रिश्ते की बात का खंडन किया।

धारावाहिक ‘जिन्दगी की महक’ को दिल्ली में फिल्माया गया है। लगभग दो साल चली इस धारावाहिक के कारण समीक्षा भी दिल्ली में ही रहीं। वर्ष 2019 में कलर्स चैनल पर प्रसारित धारावाहिक ‘बहू बेगम’ में उन्हें नूर की भूमिका मिली, जिसके लिए उन्हें दिल्ली से मुंबई आना पड़ा। जनवरी 2020 में ख़त्म हुए इस धारावाहिक में समीक्षा के अभिनय की खूब तारीफ़ हुई। इस वक़्त वे दंगल टीवी पर प्रसारित ‘कंट्रोल रूम’ धारावाहिक में एसपी सुगंधा सिंह की भूमिका निभा रही हैं। वह धारावाहिक वर्ष 2022 में प्रारंभ हुआ था।

अपने करियर के प्रति समर्पित समीक्षा आज भी कड़ी मेहनत कर रही हैं। हालाँकि इम्तियाज अली की किसी फिल्म में अग्रणी भूमिका करना उनका सपना है जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। मुंबई के व्यस्त जीवन में भी परिवार के लिए समीक्षा वक्त निकाल ही लेती हैं। ख़ास तौर पर अपनी छोटी बहन पंखुरी के लिए जिसे वे बहुत प्यार करती हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर उसके साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट करती हैं।

Comments

  1. Rajesh jaat 08 Jun, 2023

    Very good samiksha

Leave A reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *



पूजा गर्ग अग्रवाल : दर्द से भी ऊँची है जिनके हौसलों की उड़ान
ज़िन्दगीनामा

पूजा गर्ग अग्रवाल : दर्द से भी ऊँची है जिनके हौसलों की उड़ान

पूजा ने तीन साल बिस्तर पर रहकर 13 ऑपरेशन झेले। इस दौरान उन्होंने मानसिक और शारीरिक - दोनों स्तरों पर संघर्ष किया, लेकिन...

मालिनी गौड़ : गृहिणी से बनीं नेता और शहर को बना दिया नंबर वन
ज़िन्दगीनामा

मालिनी गौड़ : गृहिणी से बनीं नेता और शहर को बना दिया नंबर वन

भारतीय जनता पार्टी के विधायक लक्ष्मण सिंह गौड़ की 2008  में सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनकी पत्नी मालिनी गौड़ को टि...

दिव्या पटवा : संवेदना से सजी है जिनकी कला की दुनिया 
ज़िन्दगीनामा

दिव्या पटवा : संवेदना से सजी है जिनकी कला की दुनिया 

भारत लौटने के बाद उन्होंने पारंपरिक तरीकों से हटकर एक ऐसी तकनीक विकसित की जो उनके काम को एक बहुआयामी उपस्थिति देती है। 

बाधाओं से लेती रही टक्कर भावना टोकेकर
ज़िन्दगीनामा

बाधाओं से लेती रही टक्कर भावना टोकेकर

अब भावना सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं रहीं, वे एक सोच, एक बदलाव की प्रतीक बन चुकी हैं।

मिट्टी से जीवन गढ़ती कलाकार - निधि चोपड़ा
ज़िन्दगीनामा

मिट्टी से जीवन गढ़ती कलाकार - निधि चोपड़ा

उस समय जब लड़कियाँ पारंपरिक रास्तों पर चलने की सोच के साथ आगे बढ़ रही थीं, निधि ने समाज की सीमाओं को चुनौती देते हुए कला...

स्नेहिल दीक्षित : सोशल मीडिया पर
ज़िन्दगीनामा

स्नेहिल दीक्षित : सोशल मीडिया पर , तहलका मचाने वाली 'भेरी क्यूट आंटी'    

इस क्षेत्र में शुरुआत आसान नहीं थी। उनके आस-पास जो थे, वे किसी न किसी लोग फ़िल्म स्कूल से प्रशिक्षित थे और हर मायने में उ...