नीमच। जिले के ग्राम चंगेरा की होनहार बेटी पूजा प्रजापत ने राष्ट्रीय कैडेट कोर के गणतंत्र दिवस शिविर में भाग लेकर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने लगभग चार माह तक कठोर अनुशासन, अथक परिश्रम और निरंतर अभ्यास के साथ स्वयं को तैयार किया। इसके पश्चात वे कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया से सफलतापूर्वक गुजरते हुए मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ संचालनालय की गार्ड ऑफ़ ऑनर का हिस्सा बनीं।
दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के शिविर में देशभर से आए हज़ारों कैडेट्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें पूजा प्रजापत ने अपनी उत्कृष्ट ड्रिल, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के बल पर ऑल इंडिया गार्ड ऑफ़ ऑनर टीम में अपना स्थान पाया। यह उपलब्धि किसी भी कैडेट के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है।
शिविर के दौरान पूजा को देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष गार्ड ऑफ़ ऑनर में सहभागिता का अवसर मिला। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ़ मार्शल अमरप्रीत सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी एवं महानिदेशक - एनसीसी लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस उपलब्धि पर 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल ज्योति प्रकाश ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि,“पूजा प्रजापत की यह उपलब्धि केवल एक कैडेट की सफलता नहीं, बल्कि यह पूरे मंदसौर-नीमच अंचल और प्रदेश की बेटियों की सामर्थ्य का प्रतीक है। पूजा ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो गाँव की मिट्टी से भी देशभक्ति की खुशबू दिल्ली तक पहुँच सकती है।”



Comments
Leave A reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *